Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड में शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के दौरान विद्यार्थियों ने नियुक्ति एवं औद्योगिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। कैरियर परामर्श एवं नियुक्ति प्रकोष्ठ को विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों की घोषणा करते हुए अत्यंत गर्व हो रहा है। प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रो.डॉ.हरिहरन मुथुसामी ने बताया कि ये उपलब्धियाँ विद्यार्थियों की मेहनत प्रतिभा एवं प्रकोष्ठ के निरंतर प्रयासों का परिणाम हैं जो उन्हें सफल पेशेवर जीवन के लिए तैयार कर रहे हैं। हाल ही में आयोजित नियुक्ति अभियान में कंप्यूटर विज्ञान विभाग की सुश्री अदिति जोशी का चयन ऑप्टिम में 18 लाख रुपये वार्षिक वेतन के साथ हुआ जो इस सत्र का सर्वोच्च वार्षिक वेतन है। कंप्यूटर विज्ञान इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार तथा मैकेनिकल विभागों के कुल 9 विद्यार्थियों का चयन एक्सेंचर में 11 लाख रुपये वार्षिक वेतन पर हुआ। इसके अतिरिक्त 9 विद्यार्थियों का चयन स्नातक अभियंता प्रशिक्षु पद के लिए लार्सन एंड टुब्रो में हुआ जबकि कंप्यूटर विज्ञान विभाग के 3 विद्यार्थियों का चयन इन्फोसिस में हुआ। वर्तमान में कंप्यूटर विज्ञान विभाग का नियुक्ति प्रतिशत 65 है जबकि मैकेनिकल एवं विद्युत अभियांत्रिकी विभाग का नियुक्ति प्रतिशत 40 है। लगभग 10 कंपनियों की चयन प्रक्रिया अभी जारी है। औद्योगिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। 26 अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित कंपनियों जैसे एमएक्यू सॉफ्टवेयर एमकेयू लिमिटेड अम्यूज़ लैब्स क्वालकॉम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड आईबीएम तथा जिंदल इंडिया पावर लिमिटेड में हुआ। पूर्व अंतिम वर्ष के 5 विद्यार्थियों ने एक्सेंचर में तथा 3 विद्यार्थियों ने पब्लिसिस सेपियंट में औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि कंप्यूटर विज्ञान विभाग की सुश्री रजनंदनी एवं श्री श्रेय चमोली को अम्यूज़ लैब्स में 50 हजार रुपये प्रतिमाह का सर्वाधिक औद्योगिक प्रशिक्षण मानदेय प्राप्त हुआ जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग के श्री हर्ष कुमार को क्वालकॉम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में 45 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय प्राप्त हुआ। डॉ.हरिहरन मुथुसामी ने सभी चयनित विद्यार्थियों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों पर बधाई दी तथा प्रकोष्ठ एवं संकाय सदस्यों के सतत प्रयासों की सराहना की। संस्थान सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देता है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *