Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सरहदी सुरक्षा और सामरिक तैयारियों का जायजा लेने के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर इन दिनों उत्तराखंड के दौरे पर हैं। 21 फरवरी 2026 को जनपद की प्रसिद्ध पर्यटन स्थली औली में जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने जिला प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर महानिदेशक को देवभूमि की आस्था के प्रतीक नंदा देवी राजजात की प्रतिमा भेंट की गई।अधिकारियों ने सीमाओं की सुरक्षा और जनपद भ्रमण के प्रति उनके समर्पण के लिए आभार जताया। महानिदेशक शत्रुजीत कपूर का यह दौरा चीन सीमा से सटे दुर्गम क्षेत्रों में तैनात हिमवीरों का मनोबल बढ़ाने और अग्रिम चौकियों पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के उद्देश्य से है। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। औली में आयोजित बैठक में आईटीबीपी पुलिस सेना और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय को और मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए आपसी तालमेल को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। इससे पूर्व जनपद चमोली पहुंचने पर आईटीबीपी हेलीपैड पर आईटीबीपी और सेना के अधिकारियों उपजिलाधिकारी ज्योतिर्मठ तथा क्षेत्राधिकारी चमोली ने उनकी अगवानी की।दौरे के दौरान आईजी आईटीबीपी औली अखिलेश रावत आईजी मन्नु महाराज आईजी बरिंदरजीत सिंह 9वीं (आई) माउंटेन ब्रिगेड के ब्रिगेडियर गौरव बत्रा प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध आईटीबीपी कमांडेंट रतन सिंह सोनल कमांडेंट सुनील गौचर वाहिनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp