Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना जनपद भ्रमण के दौरान लक्सर स्थित नगर पालिका परिषद सभागार में सफाई कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर समीक्षा बैठक की। बैठक में सरकार की योजनाओं उपलब्ध सुविधाओं और कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि सफाई कर्मचारियों का किसी भी स्थिति में उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। उन्होंने नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यावरण मित्रों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में मिले। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संविदा के माध्यम से पिछले दस वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने के निर्देश दिए। साथ ही आउटसोर्स व्यवस्था के स्थान पर कर्मचारियों को संविदा और पीआरडी के माध्यम से रखने तथा सभी को सम्मानजनक कार्य और वेतन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।समीक्षा में यह भी सामने आया कि समाज कल्याण विभाग के माध्यम से ऋण के लिए किए गए आवेदनों में केवल 36 लोगों को ही ऋण मिल पाया है जबकि 85 आवेदन बैंक स्तर पर लंबित हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने एक सप्ताह के भीतर बैंकों से समन्वय कर लंबित मामलों का निस्तारण कर पर्यावरण मित्रों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को वर्दी और आवश्यक उपकरण नियमानुसार उपलब्ध कराए जाएं तथा मृतक आश्रितों को 15 दिन के भीतर नियुक्ति दी जाए। जिन कर्मचारियों के आयुष्मान और गोल्डन कार्ड नहीं बने हैं उनके लिए शिविर आयोजित करने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राम सिंह सुरेश चंद्र ईओ नगर पालिका मोहम्मद कामिल सुल्तानपुर नगर पंचायत की ईओ प्रियंका ध्यानी सहित विभिन्न नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारी सफाई यूनियन प्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp