Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में विकासखंड थलीसैंण के अंतर्गत ग्राम ग्वींठ में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।रात्रि चौपाल की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्ण त्रिपाठी द्वारा की गई। उपजिलाधिकारी ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्य रूप से खेतों की सुरक्षा हेतु तारबाड़ पेंशन संबंधी समस्याएं तथा अन्य स्थानीय मुद्दे उठाए। उपजिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की। चौपाल के दौरान उपजिलाधिकारी ने दिव्यांग पेंशन से संबंधित पात्र व्यक्तियों को आवश्यक दस्तावेजों एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उपजिलाधिकारी ने गांव का भ्रमण किया स्थानीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ग्रामीणों के साथ भोजन कर रात्रि विश्राम भी किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को मौके पर ही सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध रूप से लाभान्वित किया जाए तथा जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरती जाए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार सुदामा प्रसाद कानूनगो विजय गुसाईं आरके प्रमोद पुण्डीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा ग्राम के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp