Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। यात्रा मार्ग पर अव्यवस्था और अनाधिकृत गतिविधियों को रोकने के लिए प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहा है। इसी क्रम में पैदल मार्ग पर कुछ स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए टेंट और डेरे पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर 29 अप्रैल 2026 को सेक्टर मजिस्ट्रेट सहायक सेक्टर अधिकारी और एमटीएफ सेक्टर लिनचोली की संयुक्त टीम ने मौके पर निरीक्षण कर अभियान चलाया। अभियान के दौरान थारू कैंप में दो छोटी लिनचोली में तीन और अन्य स्थानों सहित कुल छह अनाधिकृत डेरे हटाए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का टेंट या डेरा लगाना पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसा करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा कुछ घोड़ा खच्चर संचालकों द्वारा आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित मानकों का पालन न करने पर उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है तथा उनके लाइसेंस को ब्लॉक करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने सभी संबंधित लोगों को निर्देश दिए हैं कि वे तय नियमों का पालन करें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp