Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरित हरिद्वार मुहिम को सफल बनाने के लिए विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क सिडकुल में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए जनपदवासियों से अपील की कि हरित हरिद्वार मुहिम के तहत जनपद को हरा-भरा बनाने तथा पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सभी लोग पौधे रोपित करें और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए जिन पेड़ों का कटान किया जाता है उसके बदले अधिक संख्या में पौधे लगाए जाने चाहिए तथा उनकी सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए जिससे पर्यावरण को संरक्षित किया जा सके। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सिडकुल द्वारा पार्क तैयार करने के लिए गिवमीट्रीज़ ट्रस्ट एवं इंडो एशियन कंपनी को भूमि उपलब्ध कराई गई जिसमें इंडो एशियन कंपनी द्वारा सीएसआर के माध्यम से लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क तैयार किया गया है। इस पार्क में लगभग 9 हजार पौधे रोपित किए गए हैं। उन्होंने जनपद हरिद्वार को हरा-भरा करने के लिए विभिन्न कंपनियों एवं संस्थाओं से अपेक्षा की कि हरिद्वार क्षेत्रांतर्गत जहां भी खाली भूमि उपलब्ध है ऐसे स्थानों को विकसित करते हुए वृक्षारोपण किया जाए जिससे जनपद को और अधिक हरित बनाया जा सके। इस अवसर पर आरएम सिडकुल कमल किशोर कफल्टिया ने अवगत कराया कि सिडकुल द्वारा पार्क विकसित करने के लिए गिवमीट्रीज़ ट्रस्ट एवं इंडो एशियन कंपनी को साढ़े चार एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है जिसमें सीएसआर के माध्यम से लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित किया गया है। वन विभाग के सहयोग से यहां 9 हजार से अधिक वृक्ष रोपित किए जा चुके हैं तथा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के 300 से अधिक पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर गिवमीट्रीज़ ट्रस्ट के प्रोजेक्ट हेड जगदीप ठाकुर ने बताया कि यह ट्रस्ट 51 वर्षों से वृक्षारोपण का कार्य कर रहा है तथा सिडकुल क्षेत्र में इंडो एशियन कंपनी के सहयोग से पार्क तैयार किया गया है। आगामी तीन वर्षों तक इस पार्क की देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाई जाएगी। इस दौरान सहायक आयुक्त श्रम प्रशांत कुमार परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल एसडीओ वन विभाग पूनम कैंथोला इंडो एशियन कंपनी के जीएम सरनजीत सिंह एलजा इंटरनेशनल कंपनी के एमडी अश्वनी कपूर यूके मेटल के चेयरमैन राजेन कटोरे प्लांट हेड ए.के.वर्मा एकम्स के जीएम (एचआर) के.डी.शर्मा इंडो एशियन कंपनी के एचआर प्रवेश पवार एच.पी.नौटियाल सहित विभिन्न कंपनियों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp