Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आर्य समाज मंदिर भेल हरिद्वार में वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कदम्ब एवं जामुन का पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने पर भगत सिंह कोश्यारी का नागरिक अभिनंदन किया गया। आर्य समाज भेल हरिद्वार ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया वरिष्ठ नागरिक महासभा एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार संगठन द्वारा उनका संयुक्त रूप से सम्मान किया गया। उन्हें शॉल स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि उन्हें दिया गया पद्म भूषण सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं बल्कि उत्तराखंड की समस्त जनता का सम्मान है। इसके लिए उन्होंने भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में भारत की आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में देखना चाहते हैं। ऐसे में विशेष रूप से युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि आज वृक्षारोपण करना बेहद जरूरी है जिससे पर्यावरण सुरक्षित रह सके। उन्होंने युवाओं से स्वामी दयानंद सरस्वती स्वामी श्रद्धानंद और स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है बल्कि उनका संरक्षण भी आवश्यक है ताकि वे बड़े होकर छाया और ऑक्सीजन प्रदान कर सकें। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और वेदों में वनस्पतियों तथा पेड़-पौधों के संरक्षण की कामना की गई है। पर्यावरण संरक्षण हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध को बोधि वृक्ष के नीचे ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के साथ-साथ अध्यात्म का भी अध्ययन करना चाहिए तथा गीता और वेदों का अध्ययन करना चाहिए क्योंकि अध्यात्म से बड़ी कोई कृत्रिम बुद्धिमत्ता नहीं है। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्य समाज भेल के प्रधान बलवीर तलवार ने की। विशिष्ट अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन को स्वच्छ वायु प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी उत्तराखंड के सबसे ईमानदार लोकप्रिय और जनप्रिय नेताओं में से एक हैं तथा उनका सम्मान पूरे उत्तराखंड का सम्मान है। अध्यक्षीय संबोधन में बलवीर तलवार ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस को विश्व यज्ञ दिवस के रूप में भी मनाया जाना चाहिए क्योंकि यज्ञ से पर्यावरण की स्वच्छता और शुद्धता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी का सम्मान पूरे उत्तराखंड के सम्मान के समान है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में डेढ़ सौ से अधिक बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिनकी आयु 6 वर्ष से 22 वर्ष तक है। शिविर का समापन 7 जून को होगा जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं भेल के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार शामिल होंगे। कार्यक्रम में निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने वाले डॉ.केशव कर्णवाल का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर ग्रीन मैन विजय पाल बघेल समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद शर्मा भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा मेयर किरण जैसल दर्जाधारी मंत्री श्यामवीर सैनी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री जितेंद्र रघुवंशी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व विभाग प्रचारक सुरेश सुयाल अवनीश ओहरी सिडकुल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष महेंद्र आहूजा आर्य समाज भेल के महामंत्री मदन सिंह वरिष्ठ प्रधान कृष्ण कुमार चंदवानी ओपी बत्रा यज्ञ के ब्रह्म आचार्य योगेंद्र मेधावी ज्योति आर्य डॉ.सुधा तलवार एवं कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरेश सुयाल ने किया। इस अवसर पर शाम को आर्य नगर ज्वालापुर से आर्य समाज भेल तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तराखंड के प्रधान सुधीर गुलाटी ने संबोधित किया। आर्य समाज भेल में 30 मई से 7 जून तक आर्य वीर दल एवं वीरांगना प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है जिसमें उत्तराखंड उत्तर प्रदेश हरियाणा और दिल्ली से डेढ़ सौ से अधिक बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर में बच्चों एवं युवाओं को बौद्धिक चर्चाओं के साथ-साथ भाला तलवार और लाठी चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही गायत्री मंत्र के गायन और यज्ञ की विधियों का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न चित्र बनाए जिनकी प्रदर्शनी लगाई गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया गया। भारतीय वृक्ष न्यास (ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया) द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर मेगा ड्रॉइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जूनियर वर्ग में स्वर्णिका सैनी सीनियर वर्ग में आविका आर्या तथा मिश्रित वर्ग में इशिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर क्रमशः अणुव्रत आर्या प्रज्ञान और परी रहीं जबकि तृतीय स्थान पर आशिमा आर्या ऋचा आर्या और वेदिका रहीं। पर्यावरण संरक्षण विषय पर आधारित इस चित्रकला प्रतियोगिता में दिल्ली उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से आए आर्य वीरों एवं आर्य वीरांगनाओं के साथ-साथ हरिद्वार के व्यक्तित्व विकास शिविर के प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पौधारोपण एवं 11 कुंडीय पर्यावरण यज्ञ के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp