प्रदीप कुमार
पिरान कलियर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पिरान कलियर में जियारत के दौरान परिजनों से बिछड़ी चार वर्षीय बालिका को हरिद्वार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल ढूंढकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया। 15 जून 2026 को उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद के तालगांव निवासी एक महिला कोतवाली कलियर पहुंची और पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ कलियर शरीफ में जियारत करने आई थी। दरगाह क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उसकी चार वर्षीय पुत्री उससे बिछड़ गई थी। सूचना मिलते ही कलियर पुलिस ने तत्काल पुलिस टीम को सतर्क कर बालिका की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पीपल चौक पर ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों ने बताया कि करीब चार वर्ष की एक बच्ची लावारिस अवस्था में रोते हुए मिली थी जो अपना नाम और पता नहीं बता पा रही थी। पुलिस ने आसपास काफी तलाश की लेकिन उसके परिजन नहीं मिले। इसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से बच्ची को कोतवाली कलियर लाया गया। कोतवाली पहुंची महिला ने बच्ची की पहचान करते हुए बताया कि उसका नाम माफिया बानो पुत्री मुजीब अहमद उम्र चार वर्ष है जो कुछ समय पहले भीड़ में उनसे बिछड़ गई थी। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने बालिका को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने परिजनों को हिदायत दी कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें और सतर्कता बरतें ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। बालिका को सुरक्षित पाकर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया। पुलिस टीम उपनिरीक्षक विशाखा राठौर मुख्य आरक्षी सोनू चौधरी मुख्य आरक्षी जमशेद अली महिला आरक्षी सोफिया अंसारी होमगार्ड अंकित कुमार
