Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मानसून सत्र-2026 (15 जून से 30 सितम्बर 2026) तथा वर्तमान में संचालित चारधाम यात्रा के दौरान संभावित आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल ने जनपद के सभी विभागाध्यक्षों कार्यालयाध्यक्षों एवं अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी द्वारा आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत जारी आदेश में कहा गया है कि मानसून अवधि के दौरान सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना आवश्यक है ताकि किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें। चारधाम यात्रा के दृष्टिगत भी प्रशासनिक एवं विभागीय स्तर पर पूर्ण सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार सभी विभागाध्यक्ष कार्यालयाध्यक्ष एवं अधिकारी कार्यदिवसों के साथ-साथ अवकाश के दिनों में भी बिना पूर्व अनुमति अपना मुख्यालय अथवा कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ेंगे। यदि किसी अपरिहार्य परिस्थिति में मुख्यालय छोड़ना आवश्यक हो तो इसके लिए जिलाधिकारी से पूर्वानुमोदन प्राप्त करना अनिवार्य होगा। साथ ही अपने स्थान पर अधिकृत प्रतिस्थानी अधिकारी का नाम एवं संपर्क विवरण स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराना होगा ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल समन्वय स्थापित किया जा सके। इसके अतिरिक्त सभी अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन चौबीसों घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्थिति में मोबाइल फोन बंद अथवा संपर्क से बाहर नहीं होने चाहिए जिससे आपदा अथवा आपातकाल की स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया है कि सभी विभागाध्यक्ष अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन निर्देशों से अवगत कराते हुए उनका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संभावित आपदा या आपातकालीन स्थिति में राहत बचाव एवं त्वरित अनुक्रियात्मक कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो इसके लिए सभी विभागों को पूरी तैयारी और समन्वय के साथ कार्य करना होगा। प्रशासन द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है तथा 30 सितम्बर, 2026 तक प्रभावी रहेगा। मानसून अवधि और चारधाम यात्रा के दौरान जनसुरक्षा राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp