Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग आपसी विवाद और कथित ब्लैकमेल की वजह से आरोपी ने युवती की गला दबाकर हत्या कर शव को गंगनहर में फेंक दिया था। पुलिस के अनुसार 24 जुलाई 2026 को मोमिन पुत्र हमीद निवासी ग्राम अलीपुर कोतवाली बहादराबाद ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री शहनुमा की हत्या गांव के ही नावेद पुत्र रियासत तथा उसके परिवार के सदस्यों ने की है। तहरीर के आधार पर बहादराबाद थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया। घटना के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने उसके परिजनों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि मामला पूरी तरह ब्लाइंड था। घटनास्थल स्पष्ट नहीं था और मृतका का शव भी बरामद नहीं हुआ था। इसके बावजूद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों मानवीय सूचना तंत्र और लगातार दबिश के माध्यम से जांच जारी रखी। 27 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नावेद मंगलौर क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर चंदनपुर में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तालाब के पास खड़े एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ और पहचान के बाद उसने अपना नाम नावेद पुत्र रियासत निवासी ग्राम अलीपुर कोतवाली बहादराबाद बताया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका शहनुमा के साथ प्रेम संबंध था लेकिन समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोपी के अनुसार एक पारिवारिक शादी में युवती के डीजे पर अन्य युवकों के साथ नृत्य करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद मृतका द्वारा उसे विभिन्न मामलों में फंसाने की धमकी देने उसकी मां और बहन को गालियां देने तथा कथित रूप से ब्लैकमेल किए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शहनुमा को कलियर ले गया जहां दोनों एक होटल में रुके। अगले दिन तड़के वह उसे सुनसान स्थान पर ले गया गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया। इसके बाद वह गांव लौट आया और सामान्य दिनचर्या अपनाने का प्रयास करता रहा। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय नावेद पुत्र रियासत निवासी ग्राम अलीपुर कोतवाली बहादराबाद जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। बरामदगी में मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड शामिल हैं। पुलिस टीम अपर उपनिरीक्षक मनोज गैरोला उपनिरीक्षक विकास रावत उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज कांस्टेबल बलवंत सिंह कांस्टेबल अरुण चमोली कांस्टेबल विकास थापा कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी एवं सीआईयू के कांस्टेबल वसीम उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp