प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत राठ क्षेत्र के दो दिवसीय भ्रमण पर विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण तथा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने पहुंचे थे। क्षेत्र में लगातार हुई बारिश के कारण कई गांवों में आपदा से हुए नुकसान की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने निर्धारित कार्यक्रमों में बदलाव किया और आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने को प्राथमिकता दी। रविवार सुबह पैठाणी में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के बाद डॉ.धन सिंह रावत ने अपने अन्य निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का रुख किया। उन्होंने चाकीसैंण तहसील के अंतर्गत डुंगरी तल्ली गांव पहुंचकर आपदा से प्रभावित 23 परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं एवं नुकसान की जानकारी ली। आपदा के कारण कई स्थानों पर सड़कें और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने के बावजूद डॉ.रावत प्रभावित गांव तक पहुंचे। उन्होंने पैदल एवं लंबी दूरी तय कर क्षतिग्रस्त मार्गों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जमीनी स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने उन्हें आपदा से हुए नुकसान क्षतिग्रस्त रास्तों तथा अन्य समस्याओं से अवगत कराया। डॉ.रावत ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आपदा से क्षतिग्रस्त रास्तों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। राहत एवं पुनर्वास से जुड़े कार्यों में आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से जिन परिवारों को नुकसान हुआ है उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। प्रभावित क्षेत्रों में सड़क संपर्क मार्ग सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को बहाल करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय भी किया गया। उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन के साथ सहयोग करने और आपदा के बाद आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की। आपदा प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के बाद डॉ.धन सिंह रावत ने पैठाणी में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें खेलों से जुड़ने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा समाज और राष्ट्र की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाते हुए नशे से दूर रहकर खेल शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने भी विभिन्न विषयों पर कैबिनेट मंत्री के साथ संवाद किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गणेश नेगी राठी पैठानी मंडल अध्यक्ष विजय रौथाण वीरेन्द्र रावत पंकज रावत जिला पंचायत सदस्य डॉ.शिवचरण नौटियाल ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत सहित भाजपा पदाधिकारी जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
