Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में चमोली पुलिस की ओर से जनपदभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थियों और युवाओं के साथ महिलाओं तथा आमजन को साइबर अपराधियों के नए-नए हथकंडों की जानकारी देकर उनसे बचाव के जरूरी उपाय बताए जा रहे हैं ताकि लोग सतर्क रहकर अपनी मेहनत की कमाई और निजी जानकारी को सुरक्षित रख सकें। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल ने अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज सिमली में तथा चौकी प्रभारी गौचर मानवेन्द्र गुसाईं ने संस्कार स्कूल गौचर में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों की जानकारी दी। पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और संदिग्ध लिंक के साथ फर्जी कॉल तथा ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। इसके साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने के प्रति भी जागरूक किया गया। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और अपने भविष्य के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया। वहीं थाना प्रभारी गोपेश्वर नवनीत भण्डारी ने सगर एवं ग्वाड़ क्षेत्र की महिला मंगल दल की महिलाओं के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। साइबर ठगी की आशंका होने पर सतर्क रहने और अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की अपील की गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया। जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान साइबर अपराधों और नशे के दुष्प्रभावों से संबंधित पम्पलेट वितरित कर आमजन को जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सावधानियों की जानकारी देते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। चमोली पुलिस ने आमजन से अपील की कि डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही सुरक्षा है। अनजान कॉल और संदिग्ध लिंक के साथ लालच भरे ऑनलाइन ऑफरों से सावधान रहें। अपनी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *