Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन आर्थिक धोखाधड़ी की रोकथाम के साथ आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में साइबर जागरूकता माह के अंतर्गत विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत कोटद्वार पुलिस ने अनूठी पहल करते हुए सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से जागरूकता स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों पर पुलिसकर्मी आमजन से सीधे संवाद कर रहे हैं और उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए-नए तरीकों के साथ उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दे रहे हैं। पुलिस टीम साइबर सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित कर लोगों को अनजान कॉल संदिग्ध लिंक फर्जी निवेश योजनाओं ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर धोखाधड़ी के प्रति सतर्क कर रही है। लोगों को बताया जा रहा है कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनकी मेहनत की कमाई ठग सकते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान कॉल या संदिग्ध लिंक पर भरोसा करने से पहले सतर्कता बरतना जरूरी है। पुलिसकर्मी लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे अपनी बैंकिंग जानकारी ओटीपी यूपीआई पिन और अन्य गोपनीय जानकारियां किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल संदेश या लिंक के माध्यम से मांगी गई व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी देने से बचें। पौड़ी पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों को भी जागरूक किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना और ऑनलाइन आर्थिक धोखाधड़ी से बचाव के लिए जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *