प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में जनपद में अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के लिए अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में चमोली पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज मैठाणा और राजकीय इंटर कॉलेज नौरख पीपलकोटी में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव सहित बच्चों की सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। वहीं थाना नंदानगर पुलिस ने बैडं बाजार नंदानगर घाट में व्यापारियों और राहगीरों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया। कोतवाली चमोली पुलिस की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज मैठाणा में प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट और राजकीय इंटर कॉलेज नौरख पीपलकोटी में उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी फर्जी कॉल अनजान लिंक सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और अपनी व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑपरेशन वात्सल्य और पॉक्सो अधिनियम के बारे में भी जानकारी दी। इसके साथ ही नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए बच्चों को अपने अधिकारों सुरक्षा और संरक्षण के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं थाना नंदानगर पुलिस ने साइबर सुरक्षा अभियान के अंतर्गत बैडं बाजार नंदानगर घाट में व्यापारियों और राहगीरों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने फर्जी कस्टमर केयर के माध्यम से ठगी यूपीआई फ्रॉड एपीके फाइल तथा नौकरी और लोन के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही लोगों को ऐसे अपराधों से बचने के उपाय भी बताए। पुलिस टीम ने लोगों को सलाह दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी बैंकिंग विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक और फाइलों से भी दूर रहें ताकि साइबर ठगी का शिकार होने से बचा जा सके। चमोली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इन जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों व्यापारियों और आमजन को अपराधों के प्रति सजग बनाकर सुरक्षित समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। पुलिस ने अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा www.cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें।
