Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान विभिन्न संगठनों द्वारा अपनी मांगों को लेकर किए गए धरना-प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रमों के बीच शांति सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस बल के लिए बड़ी चुनौती रहा। इस दौरान कई बार परिस्थितियां अत्यंत चुनौतीपूर्ण और संघर्षपूर्ण बनीं। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के दौरान कई स्थानों पर धक्का-मुक्की और अन्य अप्रत्याशित परिस्थितियों के चलते पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी चोटिल भी हुए लेकिन चोटों का दर्द और विपरीत परिस्थितियां भी उनके कर्तव्य के प्रति अटूट समर्पण को डिगा नहीं सकीं। इसी क्रम में कांस्टेबल 38 ना0पु0 विक्रम खनेड़ा जनपद चमोली की ड्यूटी 27 अक्टूबर 2026 को गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान दुक्तमा बैरियर पर वीडियोग्राफी के लिए लगाई गई थी। ड्यूटी के दौरान उनके दाहिने हाथ में चोट लगने से हड्डी फ्रैक्चर हो गई। उपचार के लिए वह 31 अक्टूबर 2026 को बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती हुए। उनका ऑपरेशन 2 नवंबर 2026 को होना है। घायल जवान की कुशलक्षेम जानने के लिए क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार बेस अस्पताल पहुंचे। उन्होंने जवान से मुलाकात कर उसके स्वास्थ्य और ड्यूटी के दौरान लगी चोटों के साथ ही उपचार के बाद हो रहे सुधार की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जवान का हौसला बढ़ाते हुए उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर द्वारा भी समय-समय पर अस्पताल पहुंचकर घायल जवान की कुशलक्षेम पूछी जा रही है और उसके उपचार एवं स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली जा रही है। कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच पुलिस जवानों का कर्तव्य के प्रति यह समर्पण उनकी कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *