Spread the love

प्रभागीय वनाधिकारी रुद्रप्रयाग एवं जिला सूचना अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ जनता दरबार

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।विकास खंड अगस्त्यमुनि के अंतर्गत स्थित दूरस्थ ग्राम तूना में आज प्रभागीय वनाधिकारी रुद्रप्रयाग कल्याणी एवं जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर की संयुक्त अध्यक्षता में जनता दरबार एवं जन संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएँ सुनकर उन्हें संबंधित विभागों तक प्रेषित किया।कार्यक्रम में सबसे अधिक शिकायतें जल जीवन मिशन से जुड़ी रही। ग्रामीणों ने बताया कि गाँव में पानी संग्रहण हेतु टैंक तो बना दिया गया है,परंतु पाइपलाइन डालने का काम अधूरा है,जिस कारण ग्रामीण अब भी दूर के प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं। उन्होंने पुरानी पेयजल लाइनों के सुधार की मांग भी की। इसी प्रकार ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से खेतों की सिंचाई हेतु कूलों के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बिजली आपूर्ति सुचारू है,लेकिन कई स्थानों पर तारें पेड़ों पर लटकी हुई हैं और कहीं-कहीं टूटी भी हैं,जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने तारों की मरम्मत और पेड़ों की छंटाई जल्द कराने की मांग रखी।साथ ही पीएमजीएसवाई के अंतर्गत सड़क निर्माण में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा न मिलने की समस्या भी ग्रामीणों ने उठाई।स्वास्थ्य एवं खाद्यान्न आपूर्ति को लेकर ग्रामीण संतुष्ट दिखे।उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ता नियमित स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराती हैं और सरकारी राशन भी समय पर मिलता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उनकी समस्याओं के समाधान की गति तेज होती है और ग्रामीण विकास को बढ़ावा मिलता है।अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता से परीक्षण कर त्वरित समाधान किया जाएगा।इस अवसर पर समान नागरिक संहिता यूसीसी से संबंधित पुस्तिका भी ग्रामीणों को वितरित की गई और इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है और प्रशासन इसके लिए प्रतिबद्ध है।जन संवाद कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी कल्याणी,डीएचएमओ डॉ.सोमन सिंह,ग्राम प्रधान उषा देवी,क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू देवी,वरिष्ठ सहायक होम्योपैथिक सुभाष चौहान,ग्राम विकास अधिकारी सुशील मैठाणी,पंचायत विकास अधिकारी विवेक सोलंकी, उद्यान विभाग से हेमंती पंवार,सुरेंद्र बिष्ट,भगत सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp