Spread the love

चमोली में खेल और शिक्षा के क्षेत्र में केंद्र सरकार की दो बड़ी सौगातें

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।चमोली 3 अक्टूबर 2025। केंद्र सरकार की ओर से जनपद चमोली को खेल और शिक्षा के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी के सक्रिय प्रयास और केंद्र सरकार को प्रेषित पत्र के अनुरोध के परिणामस्वरूप यह निर्णय लिया गया है।सबसे पहले,गाँव रविग्राम,तहसील ज्योतिर्मठ में मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण की मंजूरी दे दी गई है। इस स्टेडियम का उद्देश्य क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचान देना और उनके कौशल को निखारना है। अधिकारीयों के अनुसार,यह स्टेडियम स्थानीय युवाओं को खेलों में भागीदारी बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने में सहायक होगा। इसके साथ ही,खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे राष्ट्रीय अभियानों को नई गति मिलेगी,जिससे युवा पीढ़ी स्वस्थ और सक्रिय बनेगी।दूसरी महत्वपूर्ण घोषणा दूरस्थ सैनिक बहुल्य गाँव स्वाड़ से जुड़ी है,जहाँ केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस विद्यालय के माध्यम से गाँव और आसपास के क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होगी।इससे दूरदराज़ के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा और शिक्षा का स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी।सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इन दोनों पहलों का उद्देश्य चमोली के युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उपलब्ध ये नए अवसर जनपद के विकास को नई दिशा देंगे और युवा पीढ़ी को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेंगे।विशेषज्ञों का मानना है कि मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम और केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से न केवल स्थानीय युवाओं का मनोबल बढ़ेगा,बल्कि इससे क्षेत्र का समग्र विकास भी तेजी से होगा। इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद चमोली जनपद में खेल और शिक्षा के क्षेत्र में नई उन्नति की संभावनाएँ बढ़ेंगी,और यहाँ के युवा अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp