Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।कर्णप्रयाग में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने 8 जनवरी 2026 को कोतवाली कर्णप्रयाग का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर के प्रत्येक हिस्से का सघन अवलोकन किया और पुलिस आवासीय भवनों की स्थिति के साथ परिसर की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय,मालखाना,भोजनालय और हवालात पहुंचे,जहां मालखाने के रख-रखाव एवं अभिलेखों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जनपद चमोली को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली में उपलब्ध आपदा उपकरणों के रख-रखाव की स्वयं जांच की।इस अवसर पर एसडीआरएफ के जवानों ने आपदा उपकरणों का कुशल संचालन कर प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आपदा की स्थिति में एक क्षण की देरी भी गंभीर परिणाम ला सकती है,इसलिए निरंतर अभ्यास और तैयारी बेहद आवश्यक है। निरीक्षण से पूर्व कर्णप्रयाग के गणमान्य नागरिकों द्वारा पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया गया।नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह सहित नगर के प्रतिष्ठित चिकित्सक एवं पूर्व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राजीव शर्मा और डॉ.उमा शर्मा ने पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान नगर की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श भी हुआ।नगर पालिका अध्यक्ष ने जानकारी दी कि कोतवाली के समीप पूर्व में क्षतिग्रस्त नाले के सुधार के लिए प्रस्ताव भेजा गया है,जिस पर प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा वित्तीय स्वीकृति शीघ्र मिलने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान नगर क्षेत्र में दुकानों के बाहर किए गए अनावश्यक अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।जनसुरक्षा,यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग एवं नगर पालिका कर्णप्रयाग द्वारा संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने पर सहमति बनी। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट,उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसांई,उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह,महिला उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल,महिला उपनिरीक्षक निशा पांडे, अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र गोदियाल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp