Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।आगामी मकर संक्रांति एवं अन्य स्नान पर्वों को ध्यान में रखते हुए जल पुलिस हरिद्वार द्वारा अपनी तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद हरिद्वार की जल पुलिस द्वारा सभी कर्मचारियों की शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिदिन नियमित रूप से व्यायाम,दौड़ एवं योगाभ्यास कराया जा रहा है। इस नियमित अभ्यास का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जल पुलिस के सभी कर्मचारी शारीरिक रूप से स्वस्थ,चुस्त-दुरुस्त एवं मानसिक रूप से सक्षम बने रहें,ताकि स्नान पर्वों के दौरान गंगा घाटों एवं जल क्षेत्रों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा,सहायता एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित दायित्वों का प्रभावी और निष्ठापूर्वक निर्वहन किया जा सके। जल पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि पर्वकाल में श्रद्धालुओं की संख्या अत्यधिक बढ़ जाती है,ऐसे में जल क्षेत्रों में तैनात कर्मियों का पूरी तरह फिट रहना बेहद आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभ्यास निरंतर कराया जा रहा है। जल पुलिस जनपद हरिद्वार द्वारा स्नान पर्वों के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु,सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार तैयारी की जा रही है,ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के सुरक्षित रूप से स्नान एवं पूजा-अर्चना कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp