Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड के भौतिकी एवं गणित विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित प्रथम अंतरराष्ट्रीय एवं सप्तम राष्ट्रीय सम्मेलन भौतिक विज्ञान में नवीन प्रगति का सफल आयोजन 6 से 8 फरवरी 2026 तक संकर माध्यम से किया गया। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों,शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सम्मेलन का उद्घाटन 6 फरवरी 2026 को हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत अमेरिका,जर्मनी एवं यूनाइटेड किंगडम से आमंत्रित अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त विद्वानों द्वारा तीन पूर्ण सत्रीय व्याख्यान प्रस्तुत किए गए,जिन्होंने सम्मेलन की अकादमिक दिशा को सुदृढ़ आधार प्रदान किया।

सम्मेलन के प्रथम दिवस भारतीय ज्ञान परंपरा में भौतिक विज्ञान विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य व्याख्यान,आमंत्रित वक्तव्य तथा परिचर्चा के माध्यम से भारतीय पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों की वैज्ञानिक प्रासंगिकता पर गहन विचार-विमर्श हुआ। तीन दिनों के दौरान कुल 19 मुख्य व्याख्यान एवं 50 से अधिक आमंत्रित व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। इनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान वाराणसी,भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की,मैरीलैंड विश्वविद्यालय अमेरिका,बाथ एवं ब्रिस्टल विश्वविद्यालय यूनाइटेड किंगडम,स्टेलनबोश विश्वविद्यालय दक्षिण अफ्रीका, सनवे विश्वविद्यालय मलेशिया,बिट्स पिलानी गोवा,मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान प्रयागराज,जामिया मिलिया इस्लामिया,दिल्ली विश्वविद्यालय सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों ने सहभागिता की। व्याख्यानों में भौतिकी,गणित,अभियांत्रिकी विज्ञान एवं अंतर्विषयक अनुसंधान के नवीनतम विषयों पर प्रकाश डाला गया। देश के विभिन्न राज्यों केरल,तमिलनाडु,कर्नाटक,राजस्थान,दिल्ली, पश्चिम बंगाल,पंजाब,हरियाणा,उत्तर प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ से कुल 52 प्रतिभागियों ने भौतिक रूप से भाग लिया। 12 तकनीकी सत्रों के अंतर्गत 150 से अधिक शोध पत्रों का मौखिक एवं पोस्टर प्रस्तुतिकरण किया गया। विशेषज्ञ समीक्षकों द्वारा मूल्यांकन के पश्चात उत्कृष्ट शोध कार्यों को श्रेष्ठ शोध पत्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया।सम्मेलन का समापन समापन सत्र के साथ हुआ। सत्र का शुभारंभ सम्मेलन संयोजक डॉ.धर्मेन्द्र त्रिपाठी द्वारा मुख्य अतिथि प्रो.एस.के.पांडे (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान वाराणसी) विशिष्ट अतिथि प्रो.अवनीश कुमार (विभागाध्यक्ष,गणित,बुंदेलखंड विश्वविद्यालय) तथा प्रो.मुकेश कुमार शर्मा (विभागाध्यक्ष,गणित,चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ) सहित सभी गणमान्य अतिथियों, वक्ताओं,अधिष्ठाताओं,विभागाध्यक्षों,संकाय सदस्यों एवं प्रतिनिधियों के स्वागत से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों एवं वक्ताओं का सम्मान किया गया।सम्मेलन की संक्षिप्त रिपोर्ट डॉ.जागृति सहारिया (संयोजक) द्वारा प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर प्रतिष्ठित वक्ताओं एवं प्रतिभागियों ने सम्मेलन को लेकर अपने बहुमूल्य सुझाव एवं प्रतिक्रियाएँ साझा कीं।विशिष्ट अतिथियों प्रो.अवनीश कुमार एवं प्रो.मुकेश कुमार शर्मा ने सम्मेलन की अकादमिक गुणवत्ता की सराहना करते हुए युवाओं को अनुसंधान के प्रति प्रेरित किया। मुख्य अतिथि प्रो.एस.के.पांडे ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में अंतर्विषयक अनुसंधान,नवाचार तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ.शशांक भाटरा एवं डॉ.जैवर्धन द्वारा श्रेष्ठ शोध पत्र पुरस्कारों की घोषणा की गई। अंत में डॉ.कुसुम शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों,वक्ताओं, प्रतिभागियों,आयोजन समिति एवं छात्र स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मेलन संयोजक डॉ.धर्मेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि यह सम्मेलन शोध,नवाचार एवं अकादमिक सहयोग के लिए एक सशक्त मंच सिद्ध हुआ है तथा भविष्य में ऐसे और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के माध्यम से वैज्ञानिक संवाद को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp