Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग के जिला एवं सत्र न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर 17 फरवरी 2026 को एक अज्ञात स्रोत से धमकी भरा संदेश प्राप्त होने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। जनपद न्यायाधीश के माध्यम से मिली इस संवेदनशील सूचना को गंभीरता से लेते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने न्यायालय परिसर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने स्वयं नेतृत्व संभालते हुए पुलिस अभिसूचना इकाई तथा अन्य संबंधित टीमों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराया गया तथा मुख्य द्वार पर आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई। परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और पीएसी की तैनाती कर सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया। बम निरोधक दस्ते द्वारा न्यायालय भवन विभिन्न कक्षों और आसपास के क्षेत्र में गहन तकनीकी निरीक्षण और सर्च अभियान चलाया गया। साथ ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के सभी न्यायालय परिसरों में अलर्ट जारी कर पुलिस और अभिसूचना टीमें मुस्तैद की गईं। प्रवेश द्वारों पर प्रभावी चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया गया। अपडेट के अनुसार सघन चेकिंग के उपरांत न्यायालय परिसर से किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस स्तर से तहरीर प्राप्त कर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। धमकी भरा मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए जांच जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की हरकत कर माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp