Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

श्रीनगर/कीर्तिनगर हिंडोलाखाल और देवप्रयाग सहित सुदूरवर्ती क्षेत्रों की जनसमस्याओं और महत्वपूर्ण सूचनाओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने वाले पत्रकारों ने अब अपने लिए स्थायी प्रेस क्लब भवन की मांग उठाई है। इस संबंध में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत को ज्ञापन सौंपकर भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र के पत्रकार वर्षों से बिना किसी स्थायी स्थान के अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार आमजन की समस्याओं विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों को निरंतर प्रशासन तक पहुंचाते रहे हैं लेकिन उनके पास बैठक संवाद और कार्यक्रमों के आयोजन के लिए कोई समुचित भवन नहीं है। पत्रकारों ने नैथाणा मोटर पुल और रेलवे पुल के समीप लगभग 400 वर्ग मीटर भूमि प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिए उपलब्ध कराने की मांग की ताकि एक सुसज्जित भवन का निर्माण कर पत्रकार संगठित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें। उपजिलाधिकारी मंजू राजपूत ने पत्रकारों की मांग को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार मोहम्मद शादाब को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही उपनिरीक्षक (पटवारी) को प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। पत्रकार साथियों ने उपजिलाधिकारी की सकारात्मक पहल और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की। पत्रकार संगठन ने आशा जताई कि शीघ्र ही भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होगी और श्रीनगर-कीर्तिनगर क्षेत्र को अपना सशक्त प्रेस क्लब भवन प्राप्त होगा जो क्षेत्रीय पत्रकारिता को नई दिशा देने के साथ लोकतंत्र को और मजबूत बनाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान देवेंद्र गोंड श्रीकृष्णा उनियाल अंकित भट्ट कमल पिमोली कार्तिक बहुगुणा सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp