Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पौड़ी नगर में दूध और दुग्ध उत्पाद मिठाई सरसों तेल तथा जूस सहित कुल 13 नमूने लेकर राजकीय खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए। निरीक्षण के दौरान मिठाई विक्रेताओं को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी सी जोशी ने बताया कि बाहरी क्षेत्रों से आने वाले दूध और दुग्ध पदार्थों के वाहनों की सुबह जांच की गई। इस दौरान आनंदा और मदर डेयरी के दूध तथा पनीर के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजे गए। नगर की विभिन्न मिठाई दुकानों से भी नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच रिपोर्ट में कोई नमूना मानक के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले माह खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल द्वारा जय श्री ब्रांड सरसों तेल का नमूना निगरानी जांच के लिए भेजा गया था जो मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। इस मामले में विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। वर्तमान में अपर जिलाधिकारी न्यायालय में 41 प्रकरण विचाराधीन हैं जिनमें से तीन मामलों में संबंधित कारोबारियों पर 30 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा सहित विभागीय टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp