Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय नर्सिंग कॉलेज गोपेश्वर में बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ.ममता ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों को एप्रन पहनाकर सेवा की शपथ दिलाई गई। छात्र-छात्राओं ने ईमानदारी संवेदनशीलता और समर्पण भाव से नर्सिंग सेवा में योगदान देने का संकल्प लिया।प्राचार्य डॉ.ममता ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। यह सेवा अनुशासन और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।उन्होंने बताया कि वर्ष 2016-17 से अब तक कॉलेज के अनेक छात्र-छात्राएं देश के विभिन्न राज्यों प्रतिष्ठित संस्थानों और सेना में सेवाएं दे रहे हैं जिससे जनपद का नाम रोशन हो रहा है। मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि कॉलेज के परीक्षा परिणाम पूर्व में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट रहे हैं और यहां से कई स्वर्ण पदक विजेता बैच निकल चुके हैं जो जनपद के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग एक पवित्र और जिम्मेदारीपूर्ण पेशा है जो मानव जीवन की रक्षा और सेवा से सीधे जुड़ा है। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की विभिन्न समस्याओं को भी रखा गया जिस पर एसपी ने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समाधान के लिए पहल करने का आश्वासन दिया। समारोह में कॉलेज प्रबंधन संकाय सदस्य अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp