Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वन विभाग के तत्वावधान में प्रेक्षागृह पौड़ी में मध्य हिमालयी क्षेत्र में चीड़ आधारित रोजगार की संभावनाओं विषयक एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में लीसा विदोहन के माध्यम से रोजगार सृजन चीड़ एक कल्पवृक्ष विषय मध्य हिमालयी क्षेत्र में चीड़ के सामाजिक आर्थिक एवं सांस्कृतिक महत्व तथा कृषि वानिकी की संभावनाओं और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मध्य हिमालयी क्षेत्र में चीड़ स्थानीय आजीविका और अर्थव्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण संसाधन है। वैज्ञानिक प्रबंधन और चीड़ आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने लीसा विदोहन चीड़ आधारित उत्पादों और कृषि वानिकी को ग्रामीण विकास के लिए उपयोगी बताते हुए युवाओं और महिला समूहों की सहभागिता पर बल दिया।प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल महातिम यादव ने कहा कि मध्य हिमालयी क्षेत्र में चीड़ आजीविका और पर्यावरण संरक्षण दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। लीसा विदोहन को वैज्ञानिक ढंग से संचालित कर स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चीड़ एक कल्पवृक्ष की अवधारणा इसके बहुउपयोगी स्वरूप को दर्शाती है। पिरुल संग्रहण और सूखी पत्तियों के वैज्ञानिक प्रबंधन से वनाग्नि की घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम में कलाकारों और स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं जिनके माध्यम से वन संरक्षण और जन जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।नुक्कड़ नाटकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जन सहभागिता और विभागीय समन्वय को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पोखड़ा संजय गुसाईं कनिष्ठ प्रमुख पोखड़ा संजय जोशी जिला पंचायत सदस्य डोभ अनुज कुमार जिला पंचायत सदस्य पोखड़ा बलवंत सिंह नेगी जिला पंचायत सदस्य कालों भारत सिंह रावत उप प्रभागीय अधिकारी आयशा बिष्ट उप प्रभागीय अधिकारी सिविल एवं सोयम लक्की शाह प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा अधिकारी विनीत कुमार रेंजर पौड़ी प्रभाग नक्षत्र लव शाह सेवानिवृत्त अधिष्ठाता सोलन विश्वविद्यालय डॉ कुलवंत शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि अधिकारी महिला समूहों की सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp