Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जनपद पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सैनिक सम्मेलन के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में माह जनवरी की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई।गोष्ठी में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव एसपी सिटी अभय सिंह एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान कप्तान नवनीत सिंह ने सख्त तेवर दिखाते हुए स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी को उसकी परफॉर्मेंस के आधार पर जिम्मेदारी दी जाएगी। जिले में घटित जघन्य अपराधों के सफल अनावरण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने अपराध होने के बाद नहीं बल्कि अपराध होने से पहले उसे रोकना प्राथमिकता बनाने पर जोर दिया।
त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता
प्रचलित रमजान एवं आगामी होली और ईद पर्व को सकुशल संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी बताते हुए कप्तान ने थाना प्रभारियों को चेताया कि लॉ एंड ऑर्डर में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में सर्किल ऑफिसर्स के नेतृत्व में बैठक कर विभिन्न समुदायों के गणमान्य व्यक्तियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही हुड़दंगियों को चिन्हित कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
चारधाम यात्रा की तैयारियों पर विशेष फोकस
आगामी चारधाम यात्रा को लेकर भी कप्तान का विशेष फोकस रहा। एसपी ट्रैफिक को निर्देशित किया गया कि यातायात प्लान समय रहते तैयार कर लिया जाए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर दिशा-दूरी संबंधी होर्डिंग्स लगाने तथा यात्रियों की सुविधा हेतु संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
साइबर सेल और अभियानों की समीक्षा
साइबर सेल हरिद्वार के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए बेहतर रिस्पांस के लिए प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।मुख्यालय स्तर पर चल रहे अभियानों की समीक्षा में जहां बेहतर कार्य करने वालों को शाबाशी मिली वहीं सुस्ती बरतने वालों को फटकार भी लगाई गई।
सीएम हेल्पलाइन और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण
सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रकोष्ठ से प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। पुलिस कार्यालय आने वाले पीड़ितों की शिकायतों पर 15 दिन के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।
नशे और गैंगस्टर संपत्ति पर सख्ती
एनडीपीएस एक्ट के मामलों में केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं बल्कि नशे की जड़ों तक पहुंचने के निर्देश दिए गए। कप्तान ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है इसलिए नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाना आवश्यक है। गैंगस्टर्स की संपत्ति जब्ती में सुस्ती पर नाराजगी जताते हुए सर्किल ऑफिसर्स को स्वयं पर्यवेक्षण करने को कहा गया।
फायर रिस्पांस टाइम और दुर्घटना मामलों की मॉनिटरिंग
गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी फायर स्टेशनों को एक्टिव मोड में रहने के निर्देश दिए गए।आग की घटनाओं में रिस्पांस टाइम की नियमित जांच और उसमें सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया। वाहन दुर्घटना संबंधी मुकदमों में एमएसीटी आई-रेड व सोलैशियम स्कीम से संबंधित कार्यवाही की मॉनिटरिंग भी थानाध्यक्षों को स्वयं करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में कप्तान नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण कानून व्यवस्था और जनसुनवाई के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp