प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग के निर्देशों तथा अपर जिलाधिकारी एवं आपदा प्रबंधन अधिकारी के आदेशों के क्रम में जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के तत्वावधान में विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत गिरिया और कविल्ठा में आपदा प्रबंधन जागरूकता एवं लाइफ सेफ्टी आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।आपदा प्रबंधन एवं न्यूनीकरण त्वरित राहत-बचाव कार्य और जनजागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मास्टर ट्रेनर सीमा परमार खोज एवं बचाव डीडीएमए/डीडीआरएफ ऊखीमठ द्वारा प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में संभावित प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।प्रतिभागियों को आपदा के प्रकार आपदा से पूर्व की तैयारी आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले उपाय तथा आपदा के बाद की कार्यवाही के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।प्रशिक्षण में बेसिक उपकरणों का उपयोग आपातकालीन स्थिति में क्या करें अस्थायी स्ट्रेचर बनाना प्राथमिक उपचार सीपीआर आग से बचाव के उपाय जंगली जानवरों से सतर्क रहने के तरीके तथा बाढ़ से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसके साथ ही जनपद एवं राज्य आपातकालीन टोल फ्री नंबरों सुरक्षित स्थानों और निकासी मार्गों की जानकारी भी साझा की गई। प्रतिभागियों को भू-देव एप के बारे में भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ग्राम प्रधान एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत गिरिया के 47 और कविल्ठा के 31 ग्रामीणों सहित कुल 78 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।
