Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में नशा उन्मूलन अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाते हुए जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा संयुक्त पहल की जा रही है। जिलाधिकारी स्वाती एस भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजकीय पॉलिटेक्निक पौड़ी में विशेष जागरूकता एवं परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं का स्वेच्छा से ड्रग डिटेक्शन किट के माध्यम से परीक्षण किया गया जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई। इसे शैक्षणिक परिसर में सकारात्मक और स्वस्थ वातावरण का प्रतीक बताया गया। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ.आशीष गुसाईं ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव सामाजिक प्रतिष्ठा पर असर तथा भविष्य पर होने वाले दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें और किसी भी प्रकार के दबाव या प्रलोभन में न आएं। साथ ही नशा मुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य सहायता से संबंधित उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई। पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशा तस्करों और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम काउंसलिंग सत्र और आकस्मिक जांच अभियान भी चलाए जाएंगे। पुलिस ने आमजन अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं ताकि युवा पीढ़ी को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण प्रदान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp