Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने निगरानी तंत्र को और सशक्त कर दिया है। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को जिला प्रशासन तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के दलों ने विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान कुल 53 प्रतिष्ठानों की जांच की गयी जिनमें 16 गैस गोदाम 2 पेट्रोल पम्प/पेटी डीजल डीलर और 35 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। इस दौरान धुमाकोट-नैनीडांडा क्षेत्र में चाकीसैंण चेलूसैंण क्षेत्र में सतपुली क्षेत्र लैंसडाउन लक्ष्मणझूला क्षेत्र और थलीसैंण क्षेत्र में 1-1 गैस गोदामों का निरीक्षण किया गया। इसी तरह पौड़ी व उफरैंखाल/रिखणीखाल क्षेत्र में 2-2 गैस गोदामों का निरीक्षण किया गया। कोटद्वार क्षेत्र में 2 गैस गोदाम 1 पेट्रोल पंप/ पेटी डीजल डीलर व 6 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों दुगड्डा क्षेत्र में 1 गैस गोदाम और 6 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कोट-खोलाचौरी में 1 गैस गोदाम और 8 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों नौगांवखा-पोखड़ा क्षेत्र में 1 गैस गोदाम‌ 1 पेटी डीजल डीलर और 15 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दलों ने स्टॉक रजिस्टर वितरण प्रणाली एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि उपभोक्ताओं को समय पर और निर्धारित मात्रा में गैस उपलब्ध हो रही है या नहीं। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp