Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में चमोली पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली चमोली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध चरस की तस्करी कर रहे एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। 16 मई 2026 को पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट के नेतृत्व में कोतवाली चमोली पुलिस द्वारा देर रात क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर लगातार नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान बिरही से आगे निजमुला मार्ग पर एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिया। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख युवक घबरा गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा। संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर युवक को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 614 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 22 हजार 800 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके पर ही मुकेश राम पुत्र बुद्धि राम निवासी ग्राम पाणा ईरानी थाना एवं जिला चमोली उम्र 29 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली चमोली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सम्पूर्णानंद जुयाल कांस्टेबल पंकज मैखुरी कांस्टेबल बनबीर सिंह और कांस्टेबल संजय शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp