Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। गोपेश्वर की पावन धरा रविवार को भक्ति आस्था और गौरवमयी दृश्यों की साक्षी बनी जब पंच केदारों में चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल गोपीनाथ मंदिर गोपेश्वर से विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मूल धाम के लिए रवाना हुई। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में निकली इस भव्य डोली यात्रा से पूरा क्षेत्र बम-बम भोले और जय बाबा रुद्रनाथ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस पावन अवसर पर प्रभारी मंत्री एवं ग्राम्य विकास लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी जिलाधिकारी गौरव कुमार तथा पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने उत्सव डोली के सम्मुख शीश नवाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और चारधाम यात्रा के सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की। उनकी मौजूदगी से आयोजन की भव्यता और बढ़ गई। कार्यक्रम के दौरान भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और गौरवपूर्ण बना दिया। सेना बैंड की प्रस्तुति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही और पूरे आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। वैदिक मंत्रोच्चार ढोल-दमाऊ की गूंज और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर स्वर लहरियों के बीच जब उत्सव डोली ने प्रस्थान किया तो पूरा गोपेश्वर शिवभक्ति में डूबा नजर आया। डोली यात्रा को भव्य शोभायात्रा का स्वरूप दिया गया जिसमें हजारों श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए। हर ओर आस्था श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। डोली प्रस्थान के इस दिव्य दृश्य का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोपेश्वर पहुंचे थे। बाबा रुद्रनाथ के दर्शन और आशीर्वाद को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। यात्रा के दौरान चमोली पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संपूर्ण यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा गया। इस अवसर पर मंदिर समिति ने जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। धार्मिक आयोजन को सुव्यवस्थित सुरक्षित और सफल बनाने में प्रशासन और पुलिस की भूमिका के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पंच केदारों में चतुर्थ केदार के रूप में विख्यात भगवान रुद्रनाथ के कपाट 18 मई 2026 को ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे जिसके बाद बाबा रुद्रनाथ ग्रीष्मकाल के लिए अपने मूल धाम में विराजमान होंगे। इस दौरान विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल विधायक थराली भूपाल राम टम्टा जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्थवाल पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी जिला सहप्रभारी रुद्रप्रयाग रघुवीर बिष्ट मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज भट्ट सचिव शांति प्रसाद भट्ट वरिष्ठ पत्रकार क्रांति भट्ट उपजिलाधिकारी चमोली राजकुमार पांडे पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp