Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री स्तर के देशराज कर्णवाल ने झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तांशीपुर और दहियाकि में आयोजित शिविर कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल सबसे पहले जूनियर हाई स्कूल तांशीपुर पहुंचे जहां उन्होंने ग्रामीणों की पेंशन छात्रवृत्ति दिव्यांग प्रमाण-पत्र और आयुष्मान कार्ड से जुड़ी समस्याओं को सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसी दौरान शिविर में एक महिला ने जानकारी दी कि शनिवार को विद्यालय का गैस सिलेंडर समाप्त होने के कारण बच्चों का मिड-डे मील चूल्हे पर बनाना पड़ा। इस पर उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित गैस एजेंसी संचालक को फोन पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि बच्चों के भोजन जैसी संवेदनशील व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने 10 मिनट के भीतर नया गैस सिलेंडर विद्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जिसके बाद तत्काल सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की गई। साथ ही भविष्य में ऐसी शिकायत दोबारा न मिलने की सख्त चेतावनी भी दी गई। उपाध्यक्ष की त्वरित कार्यवाही और जनहितकारी कार्यशैली से प्रभावित ग्रामीणों ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र को ऐसा जनप्रतिनिधि मिला है जो जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका शीघ्र समाधान करता है। इसके बाद उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल प्राथमिक विद्यालय दहियाकि पहुंचे जहां उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ग्रामवासियों से संवाद कर विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने खंड विकास अधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी को शिविर में प्राप्त आवेदनों का 15 दिन के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *