Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेला 2027 में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को निर्बाध और अत्याधुनिक संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मेला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। 14 जनवरी से 20 अप्रैल 2027 तक आयोजित होने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए दूरसंचार विभाग और प्रमुख मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के सहयोग से विशेष कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। कुंभ मेला क्षेत्र में स्थायी सेल्युलर टावरों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ बड़ी संख्या में सेल ऑन व्हील और स्मॉल सेल टावर स्थापित किए जाएंगे ताकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं को बेहतर मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं मिल सकें। मेलाधिकारी सोनिका ने दूरसंचार विभाग और मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ बैठक कर कुंभ मेला 2027 के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए संचार सेवाओं की क्षमता बढ़ाने और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व के कुंभ मेलों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार संचार व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़ आधुनिक और व्यवस्थित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुंभ नगरी के सभी सेक्टरों में पर्याप्त संख्या में अस्थायी मोबाइल टावर लगाए जाएंगे और सभी आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी। इसके लिए मेला प्रशासन और दूरसंचार विभाग की संयुक्त टीम संभावित स्थलों का निरीक्षण कर उपयुक्त स्थानों का चयन करेगी। मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला क्षेत्र के सभी सेक्टरों से संबंधित बेसलाइन डाटा और संभावित भीड़ का विस्तृत विवरण एक सप्ताह के भीतर दूरसंचार विभाग को उपलब्ध कराया जाए ताकि उसी आधार पर प्रभावी दूरसंचार योजना तैयार की जा सके। मोबाइल टावरों की स्थापना और तकनीकी कार्यों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए अपर मेलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक संचार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला के दौरान श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए दूरसंचार विभाग और टेलीकॉम कंपनियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। बैठक में दूरसंचार विभाग के अपर महानिदेशक अमित रावत ने बताया कि मेला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले बेसलाइन डाटा और संयुक्त निरीक्षण के आधार पर आगामी 10 जून तक विस्तृत दूरसंचार योजना तैयार कर प्रस्तुत कर दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि कुंभ क्षेत्र में बेहतर नेटवर्क व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तीन स्तरों पर कार्य किया जाएगा। इसके तहत स्थायी मोबाइल टावरों का उन्नयन और विस्तार, भीड़भाड़ एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सेल ऑन व्हील टावरों की स्थापना तथा भवनों और खंभों पर बड़े पैमाने पर स्मॉल सेल उपकरण लगाए जाएंगे। एक स्मॉल सेल उपकरण लगभग 200 मीटर के दायरे में बेहतर दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्षम होगा। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती अपर पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार पुलिस उपाधीक्षक कुंभ मेला बिपेन्द्र सिंह डीजीएम बीएसएनएल मुकेश कुमार गुप्ता उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित रिलायंस जियो भारती एयरटेल वोडाफोन आइडिया इंडस टावर्स और आईटीडीए के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp