Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड बीरोंखाल मुख्यालय में सोमवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में बहुउद्देशीय शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के बीरोंखाल विकासखंड में अभूतपूर्व विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्षों से लंबित बेदीखाल-जोगीमढ़ी एवं रसिया महादेव ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजनाओं के लिए 41 करोड़ 57 लाख 36 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है जिससे क्षेत्र के 75 गांव लाभान्वित होंगे। इन योजनाओं का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जल निगम द्वारा 50 योजनाओं के लिए 21 करोड़ 68 लाख 10 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें कई योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं जबकि शेष पर कार्य प्रगति पर है। वहीं जल संस्थान द्वारा 42 योजनाओं के लिए 18 करोड़ 75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं जिनसे 60 गांवों को लाभ मिलेगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत द्वितीय चरण में 53 किलोमीटर लंबाई के 15 मोटर मार्गों की स्वीकृति दी गई जिनमें से पांच मार्गों का डामरीकरण पूर्ण हो चुका है। ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 27 किलोमीटर 800 मीटर लंबाई के चार मोटर मार्गों का निर्माण 22 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से पूरा किया गया है। इसके अतिरिक्त 18 किलोमीटर लंबाई के चार अन्य मोटर मार्गों के डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत तीन मोटर मार्गों के लिए 4 करोड़ 95 लाख रुपये स्वीकृत किए गए जिनमें से दो मार्गों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं वन टाइम मेंटेनेंस योजना के तहत 20 किलोमीटर लंबाई के चार मोटर मार्गों के लिए 3 करोड़ 9 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे जिन पर कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा नौ किलोमीटर लंबाई के तीन मोटर मार्गों के नवीनीकरण का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। बहुउद्देशीय शिविर में 30 दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर में 165 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई जबकि 35 लोगों की रक्त जांच भी की गई। शिविर में समाज कल्याण पंचायती राज नागरिक आपूर्ति जलागम उद्यान कृषि महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास पशुपालन ऊर्जा स्वास्थ्य लोक निर्माण राजस्व एवं ग्राम्य विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर लाभान्वित भी किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोक गायिका पूनम सती महिमा उनियाल लोक गायक सौरभ मैठाणी ब्रह्मकमल सांस्कृतिक दल द्वारा प्रस्तुत चक्रव्यूह महाभारत (अभिमन्यु लीला) देव क्रिएशन ग्रुप तथा स्थानीय कलाकार श्यामलाल और सोनिया की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमृता रावत जिला पंचायत सदस्य अनूप पटवाल रजनी रावत एवं शांति देवी ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी समाज कल्याण अनुश्रवण समिति सदस्य प्रेम सिंह नेगी बदरी-केदार मंदिर समिति सदस्य नीलम पुरी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला अधिशासी अभियंता लोकेश सारस्वत जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया खंड शिक्षाधिकारी वर्षा भारद्वाज उप शिक्षाधिकारी मनोज जोशी बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा गुसाईं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp