Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से पूर्व जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार के तहत शिक्षा विभाग हरिद्वार और उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के संयुक्त तत्वावधान में ऊर्जा संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के छह विकासखंडों के विद्यालयों में साप्ताहिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। लाइफ स्टाइल फॉर एनवायरमेंट पहल के तहत युवा नवीनीकरण ऊर्जा राजदूत तैयार करने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता निबंध प्रतियोगिता नारा लेखन एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यालय स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं ने विकासखंड स्तर पर प्रतिभाग किया। इसके बाद विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भेल सेक्टर-1 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद भीकम सिंह उपस्थित रहे। वहीं उरेडा के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी युद्धवीर सिंह बिष्ट जूनियर इंजीनियर शिल्पी आयोजन स्थल के नोडल प्रधानाचार्य परमपाल सिंह तथा जनपद स्तरीय कार्यक्रम के नोडल अधिकारी राजेश राय भी मौजूद रहे। चयनित छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र मेडल तथा युवा नवीनीकरण ऊर्जा राजदूत बनने वाले बच्चों को ट्रॉफी प्रदान की गई। विकासखंड बहादराबाद से निशिका मिस्बाह मोमिना और आरुषि रावत विकासखंड भगवानपुर से जैनब महिमा गुप्ता और मुस्कान तथा विकासखंड खानपुर से अक्षिता भाटी वंशिका चौधरी और आशु को युवा नवीनीकरण ऊर्जा राजदूत चुना गया। मुख्य अतिथि भीकम सिंह ने छात्र-छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहते हुए अपने विद्यालय और क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की भागीदारी भविष्य के लिए सकारात्मक संदेश है। विशिष्ट अतिथि युद्धवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण मानव जीवन की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं ने अपने विचारों और प्रस्तुतियों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण का जो संदेश दिया है वह सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा राजदूत भविष्य में उत्तराखंड को ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी चयनित युवा नवीनीकरण ऊर्जा राजदूतों को बधाई देते हुए समाज में जागरूकता फैलाने और जनहित में कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए कार्यक्रम नोडल अधिकारी राजेश राय की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp