प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चल रहे वृहद स्वच्छता अभियान के तहत गंगा दशहरा स्नान पर्व के बाद जनपदभर में सफाई व्यवस्था को और तेज कर दिया गया है। यात्रा मार्गों नगरीय क्षेत्रों और शैक्षिक संस्थानों में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत नारसन बॉर्डर से मोतीचूर तक राष्ट्रीय राजमार्ग नगरीय क्षेत्रों के आंतरिक मार्गों तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। इस दौरान नालियों की सफाई, कूड़ा निस्तारण और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया। नोडल अधिकारी स्वच्छता चंद्रकांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छता अभियान को व्यापक रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों और आमजन से भी पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील की जा रही है। उन्होंने बताया कि जनपद में स्थापित स्वच्छता कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर 8273371714 पर आम नागरिक अपनी प्रतिक्रिया और सुझाव भेज सकते हैं। इसके माध्यम से स्वच्छता संबंधी शिकायतों और सुझावों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
