Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार छापेमारी और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद में संचालित होटल ढाबों दुकानों और रेस्टोरेंट में नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं ताकि खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट और ओवररेटिंग न हो। सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में चारधाम यात्रा और गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सुरक्षित और मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में हर की पैड़ी खड़खड़ी बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन हरिद्वार क्षेत्र में स्थित अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों रेस्टोरेंट ढाबों और डेयरियों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रयोगशाला जांच के लिए पनीर दूध तथा तैयार खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। अभियान के दौरान जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों का भी मौके पर निस्तारण किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा 2026 को देखते हुए इस प्रकार की कार्रवाई पूरे जनपद में लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp