प्रदीप कुमार
टिहरी गढ़वाल/श्रीनगर गढ़वाल। जल पुलिस की तत्परता से स्वामीनारायण घाट पर स्नान के दौरान गहरे पानी में बह रहे एक युवक की जान बचा ली गई। 13 अक्टूबर 2026 को जानकी पुल चौकी से सूचना मिली कि स्वामीनारायण घाट पर स्नान करते समय एक व्यक्ति गहरे पानी में बह गया है। सूचना मिलते ही जल पुलिस मुनि की रेती की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जल पुलिस ऋषिकेश की टीम के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए गहरे पानी में बह रहे युवक को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया और उसकी जान बचाई। रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान आकाश वर्मा पुत्र राम वर्मा निवासी ग्राम रसड़ा पोस्ट रसड़ा जिला बलिया उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह स्वामीनारायण घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा। समय रहते जल पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नदी और घाटों पर स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें। गहरे पानी में जाने से बचें और पुलिस की ओर से लगाए गए चेतावनी बोर्डों तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि सतर्कता ही सुरक्षा है। टिहरी पुलिस ने आमजन की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया है।
