प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार की ओर से नकलविरोधी कानून लागू किए जाने और सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के प्रयासों से युवाओं का भरोसा मजबूत हुआ है। इसका उदाहरण हरिद्वार जनपद के ढंडियानवाला गांव में देखने को मिला है जहां एक साथ आठ युवाओं का होमगार्ड भर्ती में चयन हुआ है। गांव के आठ युवाओं की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। खास बात यह है कि गांव में आज भी कई परिवार सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच कच्चे मकानों में जीवनयापन कर रहे हैं लेकिन यहां के युवाओं ने अपनी परिस्थितियों को सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया। निरंतर अभ्यास कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर इन युवाओं ने यह मुकाम हासिल किया है। चयनित युवाओं ने बताया कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों से सरकारी भर्तियों के लगातार अवसर मिल रहे हैं। वर्ष 2021 में गांव के दो युवाओं को पहली बार सरकारी नौकरी मिली थी और अब एक साथ आठ युवाओं का होमगार्ड भर्ती में चयन होना पूरे गांव के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। युवाओं ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों से मेहनती अभ्यर्थियों का मनोबल बढ़ा है। अब युवाओं को विश्वास है कि ईमानदारी से तैयारी और मेहनत करने पर उन्हें अपनी योग्यता साबित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अभ्यास अनुशासन और निरंतर मेहनत सबसे जरूरी है। चयनित युवाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नकलविरोधी कानून और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था ने प्रदेश के युवाओं में नई उम्मीद जगाई है। गांव के इन आठ युवाओं की सफलता से उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। साथ ही उनकी उपलब्धि गांव के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है। यह उपलब्धि बताती है कि संसाधनों की कमी मजबूत इरादों और मेहनत के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। होमगार्ड भर्ती में चयनित युवाओं में दीपक सिंह बाबू सिंह राहुल सिंह रोहित कुमार धर्मवीर दीपक सिंह गौरव एवं पवन शामिल हैं।
