प्रदीप कुमार
जखोली-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखण्ड जखोली के राजकीय इंटर कॉलेज कोट बांगर में वैयक्तिक स्वच्छता पर आधारित किशोर बालिकाओं के लिए जनजागरुकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं को किशोरावस्था में शरीर में होने वाले शारीरिक परिवर्तनों और स्वच्छता के बारे में जानकारियां दी गयी। प्रथम सत्र में सन्दर्भदाता पारुल भट्ट ने किशोर बेटियों को आत्मनिर्भर और निडर बनाने के गुर सिखाते हुए शारीरिक एवं हार्मोनल परिवर्तनों से शरीर में होने वाले शारीरिक परिवर्तनों पर वैज्ञानिक प्रकाश डाला। उन्होंने मासिक धर्म स्वच्छता व एनीमिया से मुक्ति हेतु पारंपरिक पहाड़ी आहार (मंडवा झंगोरा चौलाई और गुड़) की ताकत मानसिक संतुलन गुड टच-बैड टच पॉक्सो कानून और साइबर सुरक्षा के गुर सिखाए। उन्होंने छात्राओं को 1098,112,181 और 1930 जैसे सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर कंठस्थ कराने के साथ ही ‘प्रश्न पेटी’ के माध्यम से उनकी अनकही जिज्ञासाओं का गोपनीय समाधान भी किया गया। द्वितीय सत्र में कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के सपनों को सही दिशा देने के लिए ‘करियर काउंसिलिंग एवं गाइडेंस कार्यशाला’ का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय के प्रवक्ता मोहित नौटियाल एवं डॉ.कुलदीप पंवार मंजीतनाथ रचना बर्त्वाल विकास सिंह महिपाल फर्स्वाण कुमारी सीमा प्रमिला सजवाण आदि विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को भविष्य में विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं से अवगत कराया है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य विजय सिंह रावत ने सभी संदर्भदाताओं को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंटकर धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
