प्रदीप कुमार
कीर्तिनगर-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक विनोद कंडारी ने रविवार 29 नवंबर 2026 को विकासखंड कीर्तिनगर क्षेत्र में 96.31 लाख रुपये की लागत से होने वाली दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में मोटर मार्ग का निर्माण और प्राचीन दुंडेश्वर महादेव मंदिर का सौंदर्यीकरण कार्य शामिल है। विधायक विनोद कंडारी की उपस्थिति में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान खोला धारंप्याकोटी मोटर मार्ग के अंतिम बिंदु से स्यालसीड़-पनियाली होते हुए नेलचामी तक मोटर मार्ग के अवशेष भाग के नव निर्माण कार्य के द्वितीय चरण का शिलान्यास किया गया। इस मोटर मार्ग की कुल लंबाई 1.25 किलोमीटर है जिसके निर्माण के लिए 41.27 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों को आवाजाही में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। इसके साथ ही खोला कड़ाकोट स्थित प्राचीन दुंडेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस धार्मिक स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 55.04 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। मंदिर के सौंदर्यीकरण से क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षण मिलने के साथ ही इस प्राचीन धार्मिक स्थल को नई पहचान मिलेगी। इन दोनों विकास योजनाओं के पूर्ण होने से एक ओर जहां क्षेत्र में सड़क संपर्क और आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी वहीं दूसरी ओर क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
