प्रदीप कुमार
पोखरी-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पोखरी पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दो अलग-अलग मामलों में खोए हुए मोबाइल फोन और पर्स को बरामद कर सकुशल उनके मालिकों के सुपुर्द किया। पुलिस की इस कार्रवाई से दो लोगों को उनका खोया हुआ सामान वापस मिल सका। पहले मामले में ग्राम भिकोना थाना पोखरी निवासी पंकज प्रसाद का करीब 22 हजार 500 रुपये कीमत का मोबाइल फोन कहीं खो गया था। पंकज प्रसाद बोलने और सुनने में असमर्थ हैं जिसके चलते उनके लिए अपनी परेशानी को शब्दों में बयां करना आसान नहीं था। उनकी विशेष परिस्थिति को समझते हुए पोखरी पुलिस ने मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता से लिया तथा तत्काल मोबाइल फोन की तलाश शुरू कर दी। पुलिस कर्मियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही लगातार प्रयास किए और महज दो घंटे के भीतर खोया हुआ मोबाइल फोन बरामद कर पंकज प्रसाद को वापस लौटा दिया। अपना मोबाइल वापस पाकर उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। वहीं दूसरे मामले में जनपद रुद्रप्रयाग निवासी कुलदीप सिंह रावत ने थाना पोखरी में सूचना दी कि उनका पर्स कहीं खो गया है। पर्स में 7 हजार 200 रुपये की नगदी के साथ एक पैन कार्ड और दो डेबिट कार्ड रखे हुए थे। सूचना मिलते ही पोखरी पुलिस ने तत्परता से पर्स की तलाश शुरू की और उसे बरामद कर उसमें रखी समस्त नगदी और जरूरी दस्तावेज सकुशल कुलदीप सिंह रावत के सुपुर्द कर दिए। अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर दोनों व्यक्तियों ने पोखरी पुलिस की तत्परता और सहयोग के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में मुख्य आरक्षी जसवंत सिंह और आरक्षी कपिल कुमार तथा आरक्षी ललित मोहन शामिल रहे।
