Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2026 की लिखित परीक्षा रविवार 29 नवंबर को जनपद पौड़ी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा की संवेदनशीलता और निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी देवेन्द्र पींचा के निर्देशन में पौड़ी पुलिस की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा जांच के दौरान डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर का उपयोग किया जा रहा है। निर्धारित जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों और आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस बल की ओर से सतर्क निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि अथवा परीक्षा की निष्पक्षता को प्रभावित करने वाले प्रयासों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परीक्षा से संबंधित निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *