प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार के बालासौड़ क्षेत्र से चोरी हुई स्कूटी को पौड़ी पुलिस ने बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते स्कूटी चोरी करने वाला अभियुक्त अधिक दिनों तक चोरी के वाहन के साथ नहीं घूम पाया। जानकारी के अनुसार 24 नवंबर 2026 को कोतवाली कोटद्वार में बालासौड़ क्षेत्र से एक स्कूटी चोरी होने के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी देवेन्द्र पींचा ने चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र खुलासा करने और अभियुक्त की गिरफ्तारी के साथ चोरी की गई स्कूटी बरामद करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इन निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गहन छानबीन करते हुए तकनीकी साक्ष्य जुटाए तथा सर्विलांस विश्लेषण के साथ स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके अलावा घटना का खुलासा करने के लिए विभिन्न स्थानों पर लगे करीब 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन कर संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। पुलिस टीम के लगातार प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 28 नवंबर 2026 को कौड़िया कैंप के पास से चोरी की गई काले रंग की स्कूटी बरामद कर अभियुक्त राहुल कुमार पुत्र स्वर्गीय कान्ता प्रसाद निवासी सिताबपुर कोटद्वार को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र 24 वर्ष है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी संख्या यूके 15 ए 0643 बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार और मुख्य आरक्षी योगेन्द्र कुमार तथा आरक्षी विकास कुमार शामिल रहे।
