Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। ऐतिहासिक एवं पौराणिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 की छठवीं सांस्कृतिक संध्या आध्यात्मिक चेतना से लेकर पहाड़ की लोक संस्कृति और बॉलीवुड संगीत के अनूठे संगम के नाम रही। नगर निगम महापौर आरती भंडारी के नेतृत्व में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में संत निरंकारी मिशन के आध्यात्मिक समागम के माध्यम से प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया गया। वहीं स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकारों ने गढ़वाली गीत-संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। बॉलीवुड गायक एवं उत्तराखंड के बेटे संकल्प खेतवाल की प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत संत निरंकारी मिशन श्रीनगर की ओर से आयोजित आध्यात्मिक समागम से हुई। समागम में संत निरंकारी मिशन ऋषिकेश के ज्ञान प्रचारक धर्मेंद्र पयाल एवं आशाराम गैरोला ने आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से जीवन में प्रेम सद्भाव और मानवता के महत्व का संदेश दिया। इस अवसर पर मिशन के श्रीनगर संयोजक हरि लाल शाह सहित मिशन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। समागम के दौरान मिशन की सामाजिक गतिविधियों को भी रेखांकित किया गया। बताया गया कि संत निरंकारी मिशन आध्यात्मिक जागरण के साथ स्वास्थ्य शिक्षा पर्यावरण संरक्षण समाज सेवा और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में भी योगदान दे रहा है। इसके बाद पौड़ी की शैलजा सामाजिक समिति ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को गढ़वाली लोक संस्कृति से रूबरू कराया। समिति के दीपक कुमार हेमंती सिंह आराध्या रावत और अक्ष रावत सहित अन्य सदस्यों ने शानदार गढ़वाली गीतों एवं नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। पहाड़ की लोक धुनों और पारंपरिक सांस्कृतिक रंगों से सजी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। समिति की अध्यक्ष सुषमा रावत एवं सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की गई। सांस्कृतिक संध्या का एक अन्य प्रमुख आकर्षण बॉलीवुड गायक एवं उत्तराखंड के बेटे संकल्प खेतवाल रहे। उन्होंने अपने साथियों के साथ गढ़वाली और हिंदी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। पहाड़ी संगीत से लेकर हिंदी गानों तक उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विविधता के रंग भरे और दर्शकों ने भी कलाकारों की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर महापौर आरती भंडारी ने सभी अतिथियों कलाकारों सामाजिक संस्थाओं और कार्यक्रम में पहुंचे दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं है बल्कि श्रीनगर की धार्मिक सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण उत्सव है। मेले के माध्यम से आध्यात्मिक संस्थाओं स्थानीय प्रतिभाओं लोक कलाकारों और प्रदेश के लोकप्रिय कलाकारों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका प्रयास है कि मेले में हर आयु वर्ग के लोगों को अपनी रुचि के अनुरूप कार्यक्रम देखने को मिलें और नई पीढ़ी अपनी लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ सके। मेले की आगामी सांस्कृतिक संध्या में 30 नवंबर को उत्तराखंड की लोकप्रिय लोक गायिका प्रियंका मेहर अपने बैंड के साथ आवास विकास मेला मैदान में लाइव प्रस्तुति देंगी। शाम 6:30 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। अपनी सुरीली आवाज ऊर्जावान गायकी और शानदार मंचीय प्रस्तुतियों के लिए पहचान रखने वाली प्रियंका मेहर के गीतों पर दर्शकों को झूमने का मौका मिलेगा। महापौर आरती भंडारी ने क्षेत्रवासियों युवाओं और संगीत प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रियंका मेहर की लाइव प्रस्तुति का आनंद लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेले को जनभागीदारी सांस्कृतिक विरासत और मनोरंजन का ऐसा मंच बनाने का प्रयास किया जा रहा है जहां श्रीनगर के साथ-साथ पूरे गढ़वाल क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *