Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में टिहरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को जनपद देहरादून से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल सरिता डोबाल के निर्देशन में महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस लगातार तत्परता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जानकारी के अनुसार 27 नवंबर 2026 को नाबालिग से दुष्कर्म के संबंध में कोतवाली कैम्पटी में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल ने संबंधित पुलिस टीम को अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इन निर्देशों के क्रम में कोतवाली कैम्पटी पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर अभियुक्त की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के साथ सुरागरसी और पतारसी की। पुलिस के लगातार प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 28 नवंबर 2026 को वांछित अभियुक्त को जनपद देहरादून से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धनंजय कुमार और मुख्य आरक्षी पुष्कर सिंह तथा आरक्षी सुधांशु शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने अपील की है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर पुलिस गंभीर एवं संवेदनशील है तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। टिहरी पुलिस ने कहा है कि आपकी सुरक्षा हमारा संकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *