प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए टिहरी पुलिस अलर्ट मोड पर रही। रविवार 29 नवंबर 2026 को जनपद टिहरी गढ़वाल में आयोजित परीक्षा को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल के निर्देशन में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। कोतवाली नई टिहरी क्षेत्र के अंतर्गत तीन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। इनमें राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बौराड़ी और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी शामिल रहे। तीनों परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी एवं सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहे। पुलिस बल की ओर से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश करने वाले परीक्षार्थियों की नियमानुसार चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की गई। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार निगरानी रखी गई और सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा असामाजिक गतिविधि की संभावना को रोका जा सके। परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। टिहरी पुलिस ने परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं ताकि अभ्यर्थी निर्भीक और शांतिपूर्ण वातावरण में अपनी परीक्षा दे सकें। पुलिस ने आमजन और सभी परीक्षार्थियों से परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित नियमों का पालन करने तथा सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। टिहरी पुलिस ने परीक्षा को शांतिपूर्ण निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
