प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित संडे ऑन साइकिल के 100वें संस्करण के अवसर पर चमोली पुलिस की ओर से पुलिस लाइन में फिटनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चमोली पुलिस के यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल ने पुलिस परिवार के बच्चों को शारीरिक फिटनेस के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ मन की पहचान है और खुद को फिट रखने के लिए नियमित व्यायाम योग तथा अनुशासित जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है। इस दौरान बच्चों को योग का अभ्यास कराया गया और विभिन्न योगासनों को करने की सही विधि के साथ उनके लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया और फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल ने बच्चों को साइकिल चलाने खेलकूद रस्सी कूदने और प्रतिदिन व्यायाम करने जैसी गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
