Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार 29 नवंबर 2026 को आयोजित उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 जनपद रुद्रप्रयाग के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा की संवेदनशीलता निष्पक्षता और शुचिता को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देशन में रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी तीनों परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। परीक्षा की पूर्व तैयारियों के तहत देर रात्रि में भी पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग और थाना प्रभारी रुद्रप्रयाग ने तीनों परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा को शांतिपूर्ण निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा जांच के दौरान डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर का उपयोग किया जा रहा है। निर्धारित जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा सतर्क निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि अथवा परीक्षा की निष्पक्षता को प्रभावित करने वाले प्रयासों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने परीक्षा को निष्पक्ष शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *