प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। जनपद में अपराधों की रोकथाम व वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ ही न्यायालय से जारी वारंटों की तामील सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में घनसाली और छाम पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है। थाना घनसाली पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट की तामील करते हुए राकेश सिंह पुत्र राम सिंह निवासी ग्राम मोलनो पट्टी कोटि फेगुल थाना घनसाली जनपद टिहरी गढ़वाल को उसके घर ग्राम मोलनो पौखाल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। घनसाली पुलिस की टीम में अपर उपनिरीक्षक भास्कर सिंह और होमगार्ड मनीष शामिल रहे। वहीं 14 अक्टूबर 2026 को थाना छाम पुलिस टीम ने न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में कार्रवाई करते हुए शक्ति सिंह पुत्र चिरंजीव सिंह निवासी सुनार गांव थाना छाम जनपद टिहरी गढ़वाल को उसके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। छाम पुलिस की टीम में अपर उपनिरीक्षक जुगल किशोर हेड कांस्टेबल कुँवर वीर और कांस्टेबल अनूप शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधों की रोकथाम और न्यायालय से जारी वारंटों की तामील के लिए कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
